Blog
जूस की बर्फ में मिला मरा मेंढक, घंटाघर चौपाटी में हड़कंप
खाद्य सुरक्षा पर उठे सवाल, बर्फ फैक्ट्री व सप्लायर पर कार्रवाई की मांग
कोरबा।कोरबा शहर के घंटाघर चौपाटी में एक जूस दुकान पर इस्तेमाल हो रही बर्फ में मरा हुआ मेंढक मिलने से हड़कंप मच गया। घटना सामने आते ही लोगों में दहशत और आक्रोश फैल गया तथा खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,जूस बनाने के दौरान जब बर्फ को तोड़ा गया, तब उसमें से मृत मेंढक दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए और देखते ही देखते आसपास भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि यदि बर्फ जैसी मूलभूत सामग्री ही दूषित है, तो अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी संदेह होना स्वाभाविक है।
घटना के बाद चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा ने बताया कि यह मामला एक जूस सेंटर में सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित बर्फ निहारिका क्षेत्र की एक दुकान से खरीदी गई थी, जहां फैक्ट्री से थोक में बर्फ लाकर बेची जाती है।
कार्रवाई की मांग
चौपाटी संघ और स्थानीय लोगों ने बर्फ फैक्ट्री संचालक एवं सप्लायर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं बर्फ डिपो संचालक डी. गुप्ता ने बताया कि उनका डिपो सुभाष चौक पर है और वे विभिन्न फैक्ट्रियों से बर्फ लाते हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित बर्फ किस फैक्ट्री की थी, यह स्पष्ट नहीं है।
स्वास्थ्य पर खतरा, जांच शुरू
विशेषज्ञों के अनुसार, दूषित बर्फ या खाद्य पदार्थों के सेवन से फूड पॉइजनिंग, संक्रमण सहित कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य एवं औषधि विभाग के अधिकारी विकास भगत ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है और सभी बर्फ फैक्ट्रियों की जांच की जाएगी।
इस घटना ने शहर में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी और नियमित जांच की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















