तेज रफ्तार एम्बुलेंस पलटी, चार लोग बाल-बाल बचे

कोरबा।रजगामार चौकी क्षेत्र के आमाडांड गांव के पास गुरुवार को एक एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन में सवार चार लोग बाल-बाल बच गए, जबकि शव एम्बुलेंस के अंदर ही फंसा रह गया।

जानकारी के अनुसार, निजी अस्पताल से शव लेकर एम्बुलेंस कोरबा से रायगढ़ जिले के छाल की ओर जा रही थी। आमाडांड के पास मुख्य मार्ग पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और एम्बुलेंस पलट गई।

घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया और एम्बुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। बाद में जेसीबी की मदद से पलटी हुई एम्बुलेंस को सीधा किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एम्बुलेंस चालक शराब के नशे में था और तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। सड़क पर पड़ी गिट्टी को न देख पाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे के बाद तुरंत दूसरी एम्बुलेंस मंगाई गई, जिसमें शव को स्थानांतरित कर आगे रवाना किया गया। बताया गया कि दुर्घटना के दौरान शव के सिर से खून निकलने लगा था।

अन्य यात्रियों को भी दूसरी एम्बुलेंस से सुरक्षित भेजा गया।

परिजनों का कहना है कि उन्होंने चालक को नशे की हालत में वाहन चलाने से रोका था, लेकिन उसने सुरक्षित पहुंचाने का भरोसा दिलाया। जानकारी यह भी सामने आई है कि उक्त चालक पहले भी कई बार शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा जा चुका है।