अधिवक्ता संघ चुनाव: यमुना मानिकपुरी और सुनीता पिल्ले निर्विरोध निर्वाचित

कोरबा।जिला अधिवक्ता संघ कोरबा के आगामी चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद महिला कार्यकारिणी के दो पदों पर यमुना मानिकपुरी और सुनीता पिल्ले निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं।

निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, महिला कार्यकारिणी सदस्य के लिए लीना साहू द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद यह स्थिति बनी। वहीं संघ के अन्य पदों के लिए 12 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा, जिसमें कुल 813 अधिकृत सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

अध्यक्ष पद के लिए गणेश कुलदीप, शिवनारायण सोनी, संजय जायसवाल और राकेश दुबे के बीच मुकाबला होगा।

उपाध्यक्ष पद पर रवि शर्मा, एस. व्ही. पुरोहित, बालकराम बरेठ, बद्री मोदी, दीपक दुबे और नफीस खान मैदान में हैं, जबकि महिला उपाध्यक्ष पद के लिए उर्मिला भगत, सरिता पांडे और मंजुला पासवान चुनाव लड़ रही हैं।

सचिव पद पर सुनील यादव, रघुनंदन सिंह और चंद्रदीप शर्मा के बीच मुकाबला होगा। कोषाध्यक्ष पद के लिए किरणभान शांडिल्य, अमरनाथ कौशिक और पुरुषोत्तम गोयल मैदान में हैं। सह सचिव पद पर रवि भगत और लक्ष्मण पटेल, जबकि महिला सह सचिव पद के लिए माधुरी बोरई और समीना खातून चुनावी मैदान में हैं।

ग्रंथालय सचिव पद पर क्रांति श्रीवास, छतराम साहू, संतोष साहू और अशोक शर्मा के बीच मुकाबला होगा। वहीं कार्यकारिणी सदस्य (पुरुष) के लिए वरुण राही, शिवकुमार साहू, स्वप्निल शर्मा, श्रवण थवाईत, करम प्रजापति, दीपेश साहू और आशीष सिंह उम्मीदवार हैं।

क्रीड़ा सचिव पद पर हरिशंकर श्रीवास और महिला क्रीड़ा सचिव पद पर सावित्री धांधी के एकमात्र नामांकन होने के कारण उनकी जीत औपचारिक रूप से तय मानी जा रही है।

एडवोकेट नूतन सिंह ने बताया कि इस चुनाव प्रक्रिया में उन्होंने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब सभी की निगाहें 12 अप्रैल को होने वाले मतदान पर टिकी हैं।