कोरबा।उरगा थाना क्षेत्र के तरदा स्थित भारतमाला मार्ग पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। स्कॉर्पियो और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में तीन लोग सवार थे, जो रायपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। हादसे में 27 वर्षीय अरुण कुमार यादव (निवासी सुनई, जिला गढ़वा, झारखंड) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, 26 वर्षीय चंद्र प्रकाश यादव (रायपुर निवासी) और 30 वर्षीय नागेंद्र साहू (सेमरा, धमतरी निवासी) गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। पुलिस और राहत दल ने गैस कटर की मदद से उन्हें बाहर निकाला और तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि तीनों कर्मचारी डंपर शिफ्ट करने के काम से रायपुर से कोरबा आ रहे थे। इसी दौरान रात करीब डेढ़ बजे तरदा के पास यह हादसा हुआ।
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि नेशनल हाईवे-130 पर पूर्व में भी इस क्षेत्र को दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) माना जा चुका है, जहां सुधार के बाद हादसों में कमी आई थी। पुलिस और संबंधित विभाग एक बार फिर घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















