कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईराम का एसईसीएल दौरा, उत्पादन और परियोजनाओं की करेंगे समीक्षा

सीएमडी हरीश दुहन ने किया स्वागत, तीन दिवसीय प्रवास में संचालन और सुरक्षा पर रहेगा फोकस

कोरबा।कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन-सह-प्रबंध निदेशक बी. साईराम तीन दिवसीय दौरे पर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) पहुंचे। उनके आगमन पर एयरपोर्ट में एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

दौरे के दौरान बी.साईराम एसईसीएल की मेगा परियोजनाओं और विभिन्न खदान क्षेत्रों में चल रहे परिचालन कार्यों की विस्तृत समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही वे कोयला उत्पादन, सुरक्षा व्यवस्था और विकास से जुड़ी गतिविधियों का भी जायजा लेंगे।

गौरतलब है कि बी. साईराम ने 15 दिसंबर 2025 को कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन-सह-प्रबंध निदेशक का पदभार संभाला था। इससे पहले वे नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के सीएमडी रह चुके हैं, जहां उन्होंने जयंत ओपन कास्ट परियोजना की क्षमता 30 से बढ़ाकर 38 मिलियन टन प्रतिवर्ष करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने ‘ब्लॉक-बी’ परियोजना में पर्यावरणीय चुनौतियों को दूर करते हुए उत्पादन क्षमता 5.5 से बढ़ाकर 10 मिलियन टन प्रतिवर्ष तक पहुंचाने में भी अहम योगदान दिया। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड में निदेशक (तकनीकी) रहते हुए उन्होंने कोयला लॉजिस्टिक्स, फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी और रेल अवसंरचना के विकास को गति दी।

कोल इंडिया में नेतृत्व संभालने के बाद बी. साईराम ने उत्पादन और गुणवत्ता सुधार के साथ-साथ सौर ऊर्जा, कोयला गैसीकरण और सतत खनन जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया है। उनका अनुभव और नेतृत्व कंपनी को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।