महिलाओं ने खुलकर रखी परेशानी, पार्षद बोले समाधान के लिए कार्य प्रगति पर
कोरबा।नगर निगम कोरबा के बुधवारी वार्ड क्रमांक 2 में मूलभूत सुविधाओं की कमी से लोग लंबे समय से परेशान हैं। तंग गलियां, लटकते बिजली के तार और गर्मी में पानी की किल्लत ने वार्ड की स्थिति को गंभीर बना दिया है।
समस्याओं को लेकर क्षेत्रवासियों, खासकर महिलाओं ने खुलकर नाराजगी जताई।
स्थानीय महिलाओं ने बताया कि क्षेत्र में बोरवेल की व्यवस्था नहीं होने से पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। गर्मी के दिनों में साफ और पर्याप्त पानी मिलना बड़ी चुनौती बन गया है। वहीं बारिश के समय जलभराव की समस्या लोगों की मुश्किलें और बढ़ा देती है।
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में किए गए निर्माण कार्य गुणवत्ता के अनुरूप नहीं हैं, जिससे पानी की निकासी सही तरीके से नहीं हो पा रही और घरों में पानी भरने का खतरा बना रहता है। साथ ही पूरे वार्ड में पक्की सड़कों की कमी को लेकर भी नाराजगी सामने आई।
इन आरोपों पर पार्षद पंकज देवांगन ने कहा कि वार्ड में पहले की तुलना में काफी सुधार हुआ है और विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ कार्यों के लिए आवेदन प्रक्रिया में हैं और जल्द ही जमीन पर काम नजर आएगा।
पार्षद ने यह भी कहा कि नगर निगम के कई वार्डों में इस तरह की समस्याएं हैं, जिनके निराकरण के लिए प्रयास जारी हैं। उन्होंने लोगों से धैर्य रखने और विकास कार्यों पर भरोसा करने की अपील की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















