पावर सिटी कॉलोनी में दो पेंशनर्स के घर चोरी, 7 लाख के आभूषण चोरों ने उड़ाए

कोरबा।दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत जेलगांव स्थित पावर सिटी कॉलोनी में चोरों ने दो सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना में दो पेंशनर्स को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त कर्मचारी एच.एस. पटेल अपने घर से तीन दिन पहले रायगढ़ गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नगदी सहित सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

इसी कॉलोनी में वीरेंद्र द्विवेदी के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। घटना के समय उनका परिवार रायपुर गया हुआ था। चोरों ने उनके घर से करीब 6 लाख रुपए के आभूषण पार कर दिए।

दोनों घटनाओं को मिलाकर चोरों ने लगभग 7 लाख रुपए के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ किया है। पीड़ितों द्वारा मामले की सूचना दर्री थाना में दी गई, जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच करते हुए चोरों की तलाश में जुटी हुई है।