करतला में हाथियों का उत्पात, दंतैल ने मकान तोड़ा, फसलें रौंदी

कोरबा।वन मंडल कोरबा के करतला रेंज में एक बार फिर हाथियों का उत्पात शुरू हो गया है। नवाडीह सेंद्रीपाली क्षेत्र में एक दंतैल हाथी ने रात के समय एक कच्चे मकान को तोड़ दिया और धान सहित सब्जियों की फसल को बर्बाद कर दिया।

जानकारी के अनुसार, हाथी ने बाड़ी में बने मकान को नुकसान पहुंचाने के साथ ही तरबूज की फसल को भी चौपट कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

बताया जा रहा है कि करतला रेंज के पहाड़गांव इलाके में पहले से ही दो हाथी विचरण कर रहे हैं, जो सक्ती रेंज से आए हैं। इसके अलावा पांच हाथियों का एक झुंड लबेद क्षेत्र में पहुंच चुका है, जबकि एक दंतैल हाथी कोटमेर के जंगल में अकेले घूम रहा है।

स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

ग्रामीणों को रात के समय घर से बाहर न निकलने और सावधानी बरतने को कहा गया है।

करीब एक महीने के अंतराल के बाद हाथियों की वापसी से क्षेत्र में फिर से खतरा बढ़ गया है। वन विभाग लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।