बस्तर में अनोखी शादी: एक दूल्हे ने दो दुल्हनों संग एक ही मंडप में लिए सात फेरे,वीडियो वायरल

कोंडागांव।बस्तर अंचल की अनोखी लोक परंपरा एक बार फिर चर्चा में है। कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक के ग्राम बैलगांव में एक युवक ने दो युवतियों के साथ एक ही मंडप में सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरे लिए।

इस अनोखी शादी का निमंत्रण पत्र (कार्ड) और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कार्ड में एक दूल्हे के साथ दो दुल्हनों के नाम छपे हैं। वीडियो में दूल्हा अपनी दोनों दुल्हनों का हाथ थामे अग्नि के फेरे लेते और अन्य रस्में निभाते दिख रहा है। दूल्हे के दोस्तों और ग्रामीणों ने शादी में जमकर डांस किया, जिससे यह विवाह किसी फिल्मी दृश्य जैसा लग रहा था।

नवदंपति
दूल्हा: हितेश (सुपुत्र गजेंद्र यादव, ग्राम बैलगांव)
प्रथम दुल्हन: फुलबती (सुपुत्री स्व. बुद्धुराम नाग, ग्राम शंकरपुर)
द्वितीय दुल्हन: यामिनी (सुपुत्री स्व. भावसिंह देहारी, ग्राम बनियागांव)

यह विवाह पूरे गाजे-बाजे और सामाजिक रजामंदी के साथ हुई। 23 मार्च 2026 को मण्डपाच्छादन और हरिद्रालेपन (हल्दी) तथा 24 मार्च को पाणिग्रहण, लगन और आशीर्वाद समारोह संपन्न हुआ।

ग्रामीणों का कहना है कि तीनों परिवारों की आपसी सहमति और समाज के बुजुर्गों के आशीर्वाद से यह शादी हुई है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो। हालांकि मुख्यधारा के कानून (हिंदू विवाह अधिनियम) में द्विपत्नी विवाह को मान्यता नहीं है, लेकिन बस्तर की सामाजिक समरसता के आगे अक्सर कानून की पेचीदगियां पीछे छूट जाती हैं।