कोरबा।कोरबा जिले में कोसा उत्पादन के क्षेत्र में किसानों की सफलता की नई मिसाल सामने आई है। कटघोरा विकासखंड के ग्राम सलोरा निवासी किसान छेदूराम ने एक ही सीजन में 6.30 लाख रुपए की कमाई कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
छेदूराम पिछले 15 वर्षों से रेशम विभाग के मार्गदर्शन में कोसा कृमिपालन का कार्य कर रहे हैं। परिवार के सभी सदस्यों के सहयोग से उन्होंने इसे आय का सशक्त माध्यम बना लिया है। इस वर्ष उन्होंने कोसा बीज केंद्र कोरबा में तीन फसलों के दौरान कुल 1,73,733 नग कोसा का उत्पादन किया।
इस उत्कृष्ट उत्पादन के बदले उन्हें 6,30,816 रुपए की राशि प्राप्त हुई, जो विभाग द्वारा सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से जमा की गई। उनकी इस सफलता ने क्षेत्र के अन्य किसानों को भी प्रेरित किया है।
छेदूराम ने बताया कि रेशम विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन से उन्होंने कोसा उत्पादन की बारीकियां सीखी, जिससे उनकी आय में लगातार वृद्धि हुई है। खाली समय में वे मजदूरी और मत्स्य आखेट का कार्य भी करते हैं।
रेशम विभाग के सहायक संचालक ने कहा कि किसानों को निरंतर तकनीकी सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनते हुए बेहतर आय अर्जित कर रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















