सेनेटरी वेस्ट सड़क पर फेंकने पर 500 रुपये की पेनाल्टी

कोरबा।शहर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए सड़क पर सेनेटरी वेस्ट फेंकने के मामले में 500 रुपए का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई आरएसएस नगर के एमआईजी क्षेत्र में की गई।

निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर वरिष्ठ स्वच्छता अधिकारी डॉ. संजय तिवारी और उनकी टीम ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इसी दौरान आरएसएस नगर में एक घर के सामने सड़क पर सेनेटरी वेस्ट पाया गया, जिसे तत्काल सफाई कर्मियों द्वारा हटाया गया।

जांच के बाद संबंधित व्यक्ति को फटकार लगाते हुए 500 रुपए की पेनाल्टी लगाई गई। निगम द्वारा इस तरह की यह पहली कार्रवाई बताई जा रही है।

निगम आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें, इससे शहर की स्वच्छता प्रभावित होती है और सफाई व्यवस्था पर असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

निगम ने चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।