फॉरेस्ट नर्सरी में भीषण आग, हजारों पौधे और वन्य जीव प्रभावित

कोरबा।।कोरबा के रिसदी स्थित वन विभाग की पक्षी नर्सरी में गुरुवार दोपहर भीषण आग लगने से व्यापक नुकसान हुआ। आग की चपेट में आकर हजारों छोटे-बड़े पेड़-पौधे और वन्य जीव प्रभावित हो गए।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग द्वारा रिसदी क्षेत्र में कई एकड़ भूमि पर विकसित की गई इस नर्सरी को स्थानीय लोग ‘पक्षी नर्सरी’ के नाम से जानते हैं। गुरुवार दोपहर अचानक नर्सरी में आग लग गई, जो देखते ही देखते तेजी से फैल गई और बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगने की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। वन कर्मियों ने ब्लोवर मशीन की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

प्रारंभिक जानकारी में आगजनी के पीछे किसी असामाजिक तत्व की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल वन विभाग मामले की जांच में जुटा है।

गर्मी के मौसम में आग की घटनाओं को देखते हुए विभाग ने वन प्रबंधन सुरक्षा समितियों को सतर्क कर दिया है और निगरानी के लिए फायर वॉचर भी तैनात किए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।