तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से बाइक सवार की मौत, आक्रोशितों ने किया चक्काजाम

कोरबा।जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बलगी मोड़ के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान सुमेधा सलिहाभांठा निवासी 35 वर्षीय रामेश्वर दास के रूप में हुई है। घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लोगों को समझाइश देने का प्रयास कर रही है। वहीं, मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।