नीलकंठ व्यू प्वाइंट से खदान का जायजा, कोल इंडिया चेयरमैन का दौरा

कुसमुंडा मेगा प्रोजेक्ट में समीक्षा बैठक, उत्कृष्ट कर्मियों का सम्मान

कोरबा।कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन बी. साईंराम अपने तीन दिवसीय दौरे पर एसईसीएल पहुंचे, जहां गेवरा के बाद उन्होंने कुसमुंडा मेगा प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान एसईसीएल के सीएमडी हरिश दुहन भी उनके साथ मौजूद रहे।

दौरे के दौरान चेयरमैन ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत खदान क्षेत्र में पौधारोपण किया। इसके बाद उन्होंने नीलकंठ व्यू प्वाइंट से खदान का अवलोकन कर माइन प्लान, चालू वित्त वर्ष के उत्पादन लक्ष्य और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने एनआईएमएल पैच का दौरा कर खनन गतिविधियों का निरीक्षण किया और एफएमसी सिस्टम, साइलो के उपयोग, डिस्पैच प्रक्रिया तथा भविष्य की निकासी योजनाओं की समीक्षा की। कुसमुंडा व्यू प्वाइंट पर भी उन्होंने संपूर्ण परिचालन व्यवस्था का जायजा लिया।

दौरे के दौरान चेयरमैन बी. साईंराम ने विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। सम्मानित कर्मियों में शॉवेल ऑपरेटर, डोजर ऑपरेटर, डंपर ऑपरेटर, ड्रिलर, हाइड्रोलिक शॉवेल मेंटेनेंस स्टाफ और रिपेयर टीम के सदस्य शामिल रहे। साथ ही खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

इसके पश्चात चेयरमैन ने एसईसीएल के डायरेक्टर्स एवं विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधकों के साथ बैठक कर वित्त वर्ष 2025-26 के प्रदर्शन की समीक्षा की तथा 2026-27 के लक्ष्यों को लेकर रणनीति बनाई।

बैठक में पर्यावरण स्वीकृति, सुरक्षा, मानसून पूर्व तैयारियां, एफएमसी, सीएचपी, साइलो, रेल कनेक्टिविटी और कैपेक्स योजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।