कोरबा।बालकोनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलाकछार के जंगल में गुरुवार सुबह दो युवकों के शव एक ही फंदे पर लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान प्रमोद कंवर (27 वर्ष) और अमित माथुर (28 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आपस में दोस्त थे और बालको पावर प्लांट में ठेका कर्मी के रूप में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि दोनों एक दिन पहले घर से घूमने जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे।
परिजनों ने देर शाम तक संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं लगने पर चिंता बढ़ गई। इसके बाद रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की गई, परंतु कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने जंगल में पेड़ पर दोनों के शव लटके देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पिछले कुछ दिनों से काम पर नहीं जा रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना के हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















