बढ़ती गर्मी में हीट स्ट्रोक का खतरा, अधिक पानी पिएं और सावधानी बरतें: स्वास्थ्य विभाग

तेज धूप और लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी, बच्चों-बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील

कोरबा।जिले में बढ़ती गर्मी और तेज धूप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने हीट स्ट्रोक (लू) से बचाव के लिए लोगों को सतर्क किया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जारी एडवाइजरी में नागरिकों से अधिक पानी पीने और सावधानी बरतने की अपील की गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एस.एन. केशरी ने बताया कि मौसम में बदलाव के साथ तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लू लगने का खतरा बढ़ गया है। तेज गर्मी के कारण शरीर का तापमान असंतुलित हो जाता है और पानी व खनिज लवण की कमी हो सकती है, जिससे व्यक्ति निर्जलीकरण का शिकार हो जाता है।

उन्होंने बताया कि विशेष रूप से बाहर काम करने वाले, किसान, मजदूर और बाजार जाने वाले लोग पर्याप्त पानी नहीं पी पाते, जिससे उनकी स्थिति गंभीर हो सकती है।

स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि लोग घर से बाहर निकलते समय हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें, सिर और गर्दन को कपड़े या गमछे से ढकें तथा छतरी और धूप के चश्मे का उपयोग करें। घर से निकलने से पहले भोजन और पानी लेना जरूरी है।

इसके अलावा अधिक मात्रा में पानी और पेय पदार्थों का सेवन करें, अनावश्यक धूप में बाहर जाने से बचें और बच्चों, बुजुर्गों व गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखें। ताजा भोजन करें और देर रात तक जागने से बचें।

स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि सावधानी और जागरूकता से ही हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।