भैसमा-उरगा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर की टक्कर से पूर्व जनपद उपाध्यक्ष समेत चार की हालत गंभीर,चालक फरार

कोरबा। जिले के उरगा थाना अंतर्गत भैसमा-उरगा मुख्य मार्ग पर ग्राम कुकरीचोली स्थित पेट्रोल पंप के पास शनिवार को एक भयानक सड़क हादसा हो गया। कोयला लदे तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें कोरबा जनपद के पूर्व उपाध्यक्ष विक्की कंवर सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक,ट्रेलर तेज गति में था और अचानक अनियंत्रित होकर बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। समय रहते मदद मिलने से घायलों को तत्काल उपचार मिल सका। इधर, हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।