कोरबा: नर्स पर चाकू से हमला: हत्या की कोशिश, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। सीएसईबी चौक से पम्प हाउस कालोनी की ओर जाने वाले मार्ग पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत के सरकारी बंगले के पास शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे एक नर्स पर चाकू से हमला कर हत्या की कोशिश की गई।

पंप हाउस निवासी युवती निजी अस्पताल के लैब में नर्स है।

वह रोजाना की तरह सुबह ड्यूटी पर निहारिका स्थित लैब जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से आकर उसकी पीठ पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। चाकू युवती की पीठ में फंसा रह गया।

हमले के बाद युवती ने अपने दोस्त को फोन पर घटना की जानकारी दी। दोस्त मौके पर पहुंचा और युवती को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गया। घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी भी घटनास्थल पर पहुंचे।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि युवती से प्राथमिक जानकारी ली गई है। उसने बताया कि वह पैदल काम पर जा रही थी, तभी बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से हमला कर दिया और फरार हो गए।

इस मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल युवती हमला करने वाले युवकों को पहचान नहीं पाई है। पुलिस उनकी पहचान और घटना के पीछे के मकसद का पता लगाने का प्रयास कर रही है।