एंबुलेंस और बाइक की टक्कर, युवक-युवती घायल;पुलिस ने दिखाई संवेदनशीलता

कोरबा। कटघोरा के व्यस्त तहसील चौक पर मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार एंबुलेंस और बाइक के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक और युवती सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए भीड़ को हटाया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसी एंबुलेंस के माध्यम से दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक-युवती गीता गवेल (कुसमुंडा की कांग्रेस पार्षद) के पुत्र और पुत्री बताए जा रहे हैं। दोनों को कटघोरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

फिलहाल इस मामले में खबर लिखे जाने तक थाना में किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।