अंजनीकुंज में बना डोम लोकार्पित, जनसेवा को समर्पित

कोरबा। कोरबा जिले के अंजनीकुंज (बुधवारी बाईपास रोड) में श्रीवास नाई समाज भवन परिसर में 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन डोम शेड का आज लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि रहे, जबकि महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अध्यक्षता की।

उद्योग मंत्री श्री देवांगन एवं महापौर श्रीमती राजपूत ने लोकार्पण पट्टिका का अनावरण किया और फीता काटकर डोम शेड को जनसेवा के लिए समर्पित किया। इस अवसर पर समिति द्वारा निर्मित कार्यालय भवन एवं व्यवसायिक परिसर का भी लोकार्पण किया गया।

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि कोरबा एक छोटे से ग्राम पंचायत से ऊर्जा नगरी बनने तक का सफर तय कर चुका है। इस विकास यात्रा में सभी समाजों के साथ श्रीवास नाई समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं के लिए निरंतर योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि कोरबा की जनता का सदैव मिलने वाला आशीर्वाद उनके लिए प्रेरणा है और वे हमेशा समाज के हर सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम कोरबा विकास कार्यों के साथ-साथ जनसुविधाओं और सामाजिक सरोकारों पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। इस डोम शेड के बनने से श्रीवास समाज को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए एक सुविधायुक्त स्थान मिल गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में निगम क्षेत्र में विकास की गति तेजी से बढ़ रही है।

वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन ने कहा कि कोरबा के सभी समाजों के साथ श्रीवास समाज का भी भरपूर स्नेह और आशीर्वाद मिलता रहा है, जिसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे।

कार्यक्रम में समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने शपथ दिलाई। समाज के लोगों ने मंत्री एवं महापौर का शाल-श्रीफल, महामाला से स्वागत किया और उनका अभिनंदन किया।

वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, लक्ष्मण श्रीवास, मुकुंद सिंह कवर, समिति अध्यक्ष मोहनलाल श्रीवास, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, जगदीश श्रीवास, रंगनाथ श्रीवास, शत्रुघ्न श्रीवास, घनश्याम श्रीवास, प्रकाश अग्रवाल, दिनेश वैष्णव, लोकनाथ श्रीवास, मोरध्वज श्रीवास, रश्मि श्रीवास, जोन कमिश्नर पवन वर्मा, आकाश अग्रवाल, पुनिराम साहू, करण राज सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य, महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।