स्व सहायता समूहों से महिला सशक्तिकरण: डॉ. सीमा सोनी की दो पुस्तकों का विमोचन,नाबार्ड की भूमिका पर विशेष फोकस

कोरबा। कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा में वाणिज्य विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. सीमा सोनी के संपादन में प्रकाशित दो पुस्तकों का विमोचन सोमवार को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर द्वारा किया गया। ये पुस्तकें महिला सशक्तिकरण,आत्मनिर्भरता तथा आर्थिक-सामाजिक विकास में स्व सहायता समूहों और नाबार्ड (कृषि और ग्रामीण विकास के लिए राष्ट्रीय बैंक) की भूमिका पर केंद्रित हैं।

सशक्तिकरण के सूत्रधार: स्व सहायता समूहों की भूमिका
महिलाओं के विकास की दिशा: स्वयं सहायता समूहों से समाधान (नाबार्ड की भूमिका)

प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने विमोचन के बाद कहा कि इन पुस्तकों में डॉ. सीमा सोनी ने अपने शिक्षकीय अनुभवों और गहन अध्ययन का निचोड़ प्रस्तुत किया है। ये पुस्तकें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, शोधार्थियों तथा विशेषकर महिला वर्ग के लिए मार्गदर्शक और उपयोगी साबित होंगी। उन्होंने डॉ. सोनी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि शिक्षा जगत में निरंतर नवीन ज्ञान की खोज एवं नए विचारों की अभिव्यक्ति एक सतत प्रक्रिया है।

डॉ. सीमा सोनी ने बताया कि उन्होंने महिलाओं के सामने आने वाली सामाजिक, मानसिक एवं आर्थिक चुनौतियों का समाधान ढूंढने के उद्देश्य से स्व सहायता समूहों की विभिन्न गतिविधियों, सफलता की कहानियों एवं नाबार्ड की भूमिका पर केंद्रित तथ्य संकलित किए हैं। ये अध्याय समाज के विकास में पथ-प्रदर्शक की भूमिका निभाएंगे।

यह विमोचन महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान के रूप में देखा जा रहा है।