दीपका नगर पालिका में स्ट्रीट लाइट में 84 लाख का घपला, पार्षद ने मुख्य सचिव से जांच की मांग की

कोरबा। जिले की दीपका नगर पालिका में स्ट्रीट लाइट स्थापना के कार्य में भारी अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का मामला सामने आया है।

आरोप है कि करीब 84 लाख रुपये के इस प्रोजेक्ट में थर्ड ग्रेड सामग्री का खुलेआम उपयोग किया गया, जिससे खंभों की मजबूती, वायरिंग और अन्य उपकरणों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोग और पार्षदों का कहना है कि घटिया सामान लगने से भविष्य में हादसों का खतरा बढ़ सकता है।

वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को औपचारिक शिकायत भेजी है। पार्षद ने आरोप लगाया कि टेंडर प्रक्रिया से लेकर सामग्री खरीद और इंस्टॉलेशन तक में जानबूझकर मनमानी की गई है। उन्होंने मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।

युवक कांग्रेस के प्रदेश सचिव तनवीर अहमद ने भी इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो युवा कांग्रेस दीपका नगर पालिका परिषद का घेराव करेगी और बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्ट्रीट लाइट प्रोजेक्ट में गुणवत्ता से समझौता होने से न केवल राशि की बर्बादी हुई है, बल्कि रात के समय सड़कों पर सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। मामले की जांच की मांग अब तेज हो गई है।