हरियर धरती ने रेलवे कॉलोनी में जल संरक्षण का दिया संदेश,लीकेज बंद कर बचाया पानी

कोरबा। जल संरक्षण को लेकर कोरबा में छोटे-छोटे लेकिन प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। रेलवे कर्मचारियों की सामाजिक संस्था हरियर धरती ने एक बार फिर पर्यावरण संरक्षण और जनहित में अपनी जिम्मेदारी निभाई है।

संस्था के कार्यकर्ताओं ने अपने कामकाज से 1 घंटा निकालकर न्यू रेलवे कॉलोनी क्षेत्र का भ्रमण किया।

आईओडब्लू (इंस्पेक्टर ऑफ वर्क्स) के साथ मिलकर उन्होंने कॉलोनी की जल व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान पाया गया कि 2-3 जगहों पर पाइपलाइन में लीकेज था, जिससे पानी यूं ही बह रहा था और बर्बाद हो रहा था।

संस्था के सदस्यों ने इसे अपना नैतिक दायित्व मानते हुए तुरंत संसाधन जुटाए और लीकेज को बंद कर दिया। अब इन जोड़ों से पानी का अनावश्यक बहाव पूरी तरह रुक गया है।

इससे न केवल पानी की बचत हुई है, बल्कि कॉलोनी में जलभराव और गंदगी की समस्या भी कम हुई है।

हरियर धरती के कार्यकर्ताओं और स्टेशन मास्टर आनंद गुप्ता ने बताया कि संस्था लंबे समय से ऐसे कार्य कर रही है जो व्यापक जनहित से जुड़े हों। इसमें दूरस्थ क्षेत्रों में जरूरी सामग्री पहुंचाने से लेकर पर्यावरण संरक्षण तक हर संभव प्रयास किया जाता है। जल संरक्षण को लेकर यह छोटा लेकिन सार्थक कदम पूरे क्षेत्र के लिए संदेश देने वाला है कि छोटी-छोटी बचत से बड़ा बदलाव संभव है।