4-6 वर्ष के बच्चों के लिए “बाल मैत्री कार्यक्रम” शुरू :आंगनबाड़ी से प्राथमिक शाला तक सहज प्रवेश की पहल

कोरबा। महिला एवं बाल विकास विभाग, कोरबा ने 4 से 6 वर्ष आयु वर्ग के आंगनबाड़ी बच्चों के लिए “बाल मैत्री कार्यक्रम” की शुरुआत की है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी के खेल-आधारित, अनौपचारिक और खुले वातावरण से प्राथमिक शाला के औपचारिक, अनुशासित और संरचित माहौल में बच्चों का सहज, सरल एवं आनंदपूर्ण संक्रमण सुनिश्चित करना है, ताकि उन्हें स्कूल के प्रति रुचि, उत्साह और आत्मविश्वास विकसित हो सके।

कार्यक्रम का शुभारंभ 20 मार्च 2026 से किया गया है।

इसमें वे सभी आंगनबाड़ी बच्चे शामिल किए जा रहे हैं जो अगले सत्र में कक्षा 1 में प्रवेश लेने वाले हैं। कार्यक्रम के तहत हर महीने एक निर्धारित दिवस पर “मासिक शाला भ्रमण” आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बच्चों को नजदीकी प्राथमिक विद्यालय ले जाया जाएगा,जहां उन्हें:
विद्यालय परिसर, कक्षाओं, खेल मैदान, पुस्तकालय आदि से परिचित कराया जाएगा

शिक्षकों और कक्षा 1 के विद्यार्थियों से भेंट कराई जाएगी
संयुक्त रूप से समूह खेल, बालगीत, कहानी सुनना, रचनात्मक गतिविधियां एवं सीखने के खेल खेले जाएंगे
इन गतिविधियों से बच्चे स्कूल के माहौल से डरने या घबराने के बजाय उसे अपना घर जैसा महसूस करने लगेंगे।

विभाग का मानना है कि आंगनबाड़ी के खुले और खेल-केंद्रित वातावरण से सीधे स्कूल के नियम-कायदों वाले माहौल में जाने पर कई बच्चे अनुकूलन में कठिनाई महसूस करते हैं, जिससे स्कूल छोड़ने (ड्रॉपआउट), अनियमित उपस्थिति या पढ़ाई में रुचि न होने जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

“बाल मैत्री कार्यक्रम” इसी अंतर को पाटने और प्रारंभिक शिक्षा को अधिक प्रभावी, समावेशी एवं आनंददायक बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।

कार्यक्रम के सफल संचालन से बच्चों की नियमित उपस्थिति, सीखने की क्षमता, सामाजिक कौशल और स्कूल के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण में सुधार की उम्मीद है।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सुपरवाइजरों और संबंधित प्राथमिक शालाओं के शिक्षकों से पूर्ण सहयोग की अपील की है।