फोरलेन-ओवरब्रिज निर्माण में देरी से भड़के लोग,24 मार्च को इमलीछापर चौक पर चक्काजाम की चेतावनी

कोरबा। कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में कोरबा-कुसमुंडा फोरलेन सड़क और ओवरब्रिज निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर अब लोगों ने खुलकर विरोध का मोर्चा संभाल लिया है। लगभग छह वर्षों से अधूरे पड़े इस निर्माण कार्य से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिसे लेकर एक बार फिर आंदोलन की तैयारी है।

24 मार्च को चक्काजाम का ऐलान
नगर पालिक निगम के वार्ड 63 की पार्षद गीता गभेल ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो 24 मार्च को इमलीछापर चौक में अनिश्चितकालीन चक्काजाम किया जाएगा। पार्षद ने कहा कि आंदोलन तब तक चलेगा, जब तक कार्य शुरू नहीं हो जाता। उन्होंने साफ कहा कि अब आश्वासनों से काम नहीं चलेगा।

छह साल से अधूरा फोरलेन
पार्षद ने बताया कि करीब छह वर्ष पहले कोरबा-कुसमुंडा फोरलेन निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन आज तक यह पूरा नहीं हो पाया है। वहीं इमलीछापर चौक में बनने वाले ओवरब्रिज का काम भी एक वर्ष से बंद पड़ा हुआ है। दोनों ही कार्य ठप होने के कारण इमलीछापर चौक से लेकर कुचेना मोड़ तक रोजाना जाम लग रहा है।

बारिश में हुई थी भारी परेशानी
पिछले बारिश के मौसम में अधूरे निर्माण कार्य के चलते लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था। कई बार कीचड़ और गड्ढों में फंसकर वाहन खराब हो गए थे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बारिश तो अभी और भी आने वाली है, ऐसे में यदि काम जल्द शुरू नहीं हुआ तो हालात और भी बदतर हो जाएंगे।

पहले भी की जा चुकी है मांग
इससे पहले भी कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों से अधूरे पड़े निर्माण कार्य को शुरू करने की मांग की जा चुकी है। लेकिन हर बार आश्वासन देकर टाल दिया गया। अब आम लोगों को हो रही रोजाना की असुविधा को देखते हुए पार्षद ने सख्त रुख अपनाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।

पार्षद गीता गभेल ने कहा, “हम लंबे समय से धैर्य रखे हुए थे, लेकिन अब हद हो गई है। छह साल में भी सड़क नहीं बन पाई। ओवरब्रिज का काम एक साल से ठप है। अब हमें मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ रहा है। 24 मार्च को अगर काम शुरू नहीं हुआ, तो इमलीछापर चौक में चक्काजाम कर देंगे।”