परसाभांठा और हसदेव-1 में चला मेगा स्वच्छता ड्राइव, आयुक्त ने लिया जायजा

कोरबा। नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए चलाए जा रहे महाअभियान के तहत गुरुवार को 15वें दिन परसाभांठा (वार्ड क्रमांक 45) और हसदेव-01 (वार्ड क्रमांक 48) में मेगा स्वच्छता ड्राइव चलाया गया।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अपनी टीम के साथ इन दोनों वार्डों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


दोनों वार्डों के अंतर्गत आने वाली विभिन्न बस्तियों, मोहल्लों, मुख्य एवं संपर्क सड़कों और नालियों में स्वच्छता ड्राइव संचालित की गई। इस दौरान नालियों के ऊपर से स्लैब हटाकर उनकी सतह से सफाई की गई। सड़क किनारे जमी धूल, मिट्टी, बर्म और झाड़ियों को हटाया गया। कचरे का त्वरित उठाव और परिवहन किया गया। साथ ही कीटनाशक दवाओं और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी व्यापक पैमाने पर किया गया।

पैदल भ्रमण कर किया निरीक्षण
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अपनी टीम के साथ दोनों वार्डों की विभिन्न बस्तियों और मोहल्लों में पैदल भ्रमण किया। उन्होंने साफ-सफाई के कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने नालियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की संपूर्ण सफाई करने के निर्देश दिए।

अतिक्रमण और गंदगी पर होगी कार्रवाई
आयुक्त ने सी एंड डी वेस्ट (निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट), अतिक्रमण, अवैध कब्जा, दुकानों में डस्टबिन न रखने, गंदगी करने और कचरा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों में त्वरित कार्रवाई करने को कहा।

जनता से की ये अपील
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्थानीय लोगों से बातचीत की और जाना कि समय पर साफ-सफाई और अन्य काम होते हैं या नहीं। उन्होंने लोगों से कहा कि स्ट्रीट लाइट की सुविधा लेना उनका अधिकार है, लेकिन अगर किसी वजह से इनकी रोशनी अधिक समय तक जारी रहे तो खुद भी इसे बंद करने की आदत डालें। यह छोटी-सी आदत ऊर्जा संरक्षण में बड़ा योगदान दे सकती है।

इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 45 के पार्षद बद्री किरण और वार्ड क्रमांक 48 की पार्षद राधाबाई महंत,अपर आयुक्त विनय मिश्रा,स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी, कार्यपालन अभियंता एन.के. नाथ, तपन तिवारी, राकेश मसीह, मोतीलाल बरेठ, डी.पी. साहू, सतानंद द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।