चेट्रीचंड्र पर निकली भव्य दुपहिया रैली, झूलेलाल के जयकारों से गूंजा शहर

कोरबा। भगवान झूलेलाल जयंती चेट्रीचंड्र के पूर्व दिवस पर शहर में भव्य दुपहिया रैली का आयोजन किया गया। पूज्य सिंधी पंचायत कोरबा के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली में बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष एवं युवा उत्साह के साथ शामिल हुए।

रैली का शुभारंभ सुबह 9 बजे रानी रोड स्थित झूलेलाल मंदिर से हुआ, जहां पंचायत अध्यक्ष अशोक चावलानी ने झूलेलाल ध्वज दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

मोटरसाइकिल और स्कूटर से सजी यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों मेन रोड,रामसागर पारा,पावर हाउस रोड, lट्रांसपोर्ट नगर और निहारिका से होकर निकली। श्रद्धालु भगवान झूलेलाल के जयकारे लगाते हुए पूरे मार्ग में नगर भ्रमण करते रहे।

रैली का समापन दोपहर 1 बजे मेन रोड स्थित संत कंवरराम उद्यान में हुआ। रास्ते भर विभिन्न स्थानों पर नागरिकों द्वारा रैली का स्वागत किया गया, जिससे पूरे शहर में उत्सव और आस्था का माहौल बना रहा।