कोरबा। हिन्दू नववर्ष प्रतिपदा और चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर गुरुवार को कोरबा में भक्ति और उल्लास का अनोखा माहौल देखने को मिला। हिन्दू क्रांति सेना और विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) द्वारा निकाली गई दो भव्य शोभायात्राओं में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। आकर्षक झांकियों और जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय हो गया।
इन मार्गों से निकली यात्रा
शोभायात्रा रामजानकी मंदिर, सीतामणी और हनुमान मंदिर कोसाबाड़ी से शुरू होकर निकाली गई। यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए बस स्टैंड और बुधवारी स्थित हनुमान मंदिर में पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और भगवा ध्वज लहराते हुए उत्साह में शामिल हुए।
झांकियों ने बांधा समा
शोभायात्रा में निकाली गई आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। मां दुर्गा, भगवान राम, हनुमान जी और अन्य देवी-देवताओं की झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। छोटे-छोटे बच्चे भी भगवा वस्त्रों में सजकर यात्रा में शामिल हुए।




रास्ते भर हुआ स्वागत, लगा रहा जाम
यात्रा के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर और मिठाई खिलाकर शोभायात्रा का स्वागत किया। वहीं, हजारों की भीड़ के कारण शहर के मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। बस स्टैंड, बुधवारी और आसपास के इलाकों में वाहनों की रफ्तार थमी रही।
हिन्दू नववर्ष की शुभकामनाएं
शोभायात्रा में शामिल लोगों ने एक-दूसरे को हिन्दू नववर्ष और नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि हिन्दू नववर्ष हमारी सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है और इसे पूरे उत्साह के साथ मनाया जाना चाहिए।
शोभायात्रा के सफल आयोजन से कोरबा में हिन्दू नववर्ष की धूम देखते ही बनी और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















