कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी गौधाम योजना के तहत घूमंतु, आवारा और निराश्रित गौवंश की सुरक्षा, संरक्षण एवं समुचित प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजमार्गों के निकट गौधाम स्थापित करने की परिकल्पना को साकार किया जा रहा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर जिले के लाखासार स्थित गौधाम का पूजन एवं औपचारिक उद्घाटन किया।
इस अवसर पर कोरबा जिले के तीन गौधाम भी शामिल किए गए, जिनका वर्चुअल शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा किया गया।
राज्य स्तर पर प्रथम चरण में 29 गौधामों का शुभारंभ हुआ, जबकि पूरे प्रदेश में कुल 1460 गौधाम स्थापित करने का लक्ष्य है। योजना का नाम अब सुरभि गौधाम रखा गया है।
जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें विभिन्न गौधाम समितियों के प्रतिनिधि, सदस्य और बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम महोरा, पोंड़ी उपरोड़ा के गौधाम सदस्य लक्ष्मी नारायण अग्रवाल से संवाद किया और गौधामों की अवधारणा को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा उनके सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, गोबर से खाद उत्पादन बढ़ाने और गौवंश की देखभाल के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौधाम योजना गोमाता की सेवा के साथ-साथ ग्रामीणों की आय बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

