माता कर्मा जयंती पर साहू समाज की भव्य शोभायात्रा,पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने दिया एकता का संदेश

कोरबा। भक्त माता कर्मा की जयंती के पावन अवसर पर साहू समाज द्वारा घंटाघर से एक भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने किया। ध्वज के साथ निकली इस यात्रा में समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने समाज को कर्मा जयंती की बधाई देते हुए कहा कि भक्त माता कर्मा समाज में सामाजिक समरसता, प्रेम और सौहार्द्र की प्रतीक हैं। उनका जीवन हमें आपसी भाईचारे, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज को उनके बताए आदर्शों को अपनाने की आवश्यकता है, जिससे समाज में एकता और सद्भाव को और मजबूती मिले।

श्री अग्रवाल ने आगे कहा कि माता कर्मा का जीवन हमें सिखाता है कि सच्ची श्रद्धा और अटूट विश्वास से ईश्वर को भी वश में किया जा सकता है। उनकी भक्ति की शक्ति ही थी कि स्वयं भगवान जगन्नाथ को उनके हाथों की खिचड़ी खानी पड़ी।

इस मौके पर समाज ने मानवता की सेवा के लिए रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया। बड़ी संख्या में युवाओं ने रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया। समाज ने जिले के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे कार्यक्रम कर अपने सामाजिक सरोकार दिखाए।

कार्यक्रम के दौरान समाज के अध्यक्ष बालाराम साहू, गिरधारी साहू, कांग्रेस कोरबा जिला शहर अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, निगम के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, साहू समाज के तहसील अध्यक्ष पालूराम साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवा उपस्थित रहे।