कोरबा/जांजगीर। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक युवक द्वारा वीडियो बनाकर आत्महत्या करने का मामला शुरू में सनसनी फैला रहा था। वीडियो में युवक ने आरोप लगाया था कि पंतोरा चौकी पुलिस ने उसे फोन कर गाली-गलौज की और थाने बुलाया, जिससे परेशान होकर उसने सुसाइड कर लिया। लेकिन जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे (IPS) ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया और खुद जांच के नेतृत्व में उतरे। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि पुलिस का इसमें कोई हाथ नहीं था – बल्कि युवती के भाई ने ही फर्जी पुलिस बनकर धमकी दी थी।
मामले की पूरी कहानी कुछ इस प्रकार है:
जांजगीर-चांपा जिले के रहने वाले सनत कुमार कश्यप (उम्र 25 वर्ष, पिता धनीराम कश्यप) हाल ही में कोरबा के अशोक लीलैंड वर्कशॉप (ग्राम पताढी, उरगा थाना) में काम कर रहे थे। 12 मार्च 2026 को कोरबा जिले के गेवरा बस्ती निवासी स्नेहा खरे (उम्र 21 वर्ष) कॉलेज जाने के बहाने घर से निकलीं और रात तक वापस नहीं लौटीं। जांच में पता चला कि वह अपने रिश्तेदार धीरेन्द्र पाटले के साथ भाग गई थीं।
स्नेहा के भाई सचिन खरे (उम्र 30 वर्ष, पिता मुकुंदराम खरे) को यह बात पता चली तो उन्होंने गुस्से में आकर धीरेन्द्र के दोस्त सनत कश्यप को टारगेट किया। सचिन ने धीरेन्द्र के बड़े भाई शैलेन्द्र पाटले के मोबाइल नंबर (9669715797) से सनत के नंबर (6267237268) पर कॉल किया और खुद को पंतोरा चौकी पुलिस बताकर गाली-गलौज की, थाने बुलाया और धमकाया।
इस फर्जी कॉल से सनत इतना डर गया और तनावग्रस्त हो गया कि उसने वीडियो बनाकर अपनी पीड़ा जाहिर की और उरगा क्षेत्र में आत्महत्या कर ली। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस पर गंभीर आरोप लगे, लेकिन एसपी विजय कुमार पांडे की त्वरित जांच से सच सामने आया।
पूछताछ में सचिन खरे ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
जांजगीर-चांपा जिले के थाना बलौदा में उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 113/2026 धारा 204 BNS (क्षद्म प्रतिरूपण यानी फर्जी पहचान बनाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को अभिरक्षा में लेकर जांच जारी है।
वहीं, स्नेहा खरे की गुमशुदगी की रिपोर्ट कोरबा जिले के थाना कुसमुंडा में पहले से दर्ज है।
एसपी विजय कुमार पांडे ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू की गई, जिससे निर्दोष पुलिस बल पर लगे आरोपों का खंडन हुआ और असली दोषी पकड़ा गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















