बालको प्लांट गेट पर अमित जोगी का ‘खटिया खड़ी आंदोलन’, 13 में से 3 मांगों पर विचार का भरोसा

कोरबा। बेरोजगार युवाओं की मांगों को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने शुक्रवार को बालको प्लांट गेट के सामने ‘खटिया खड़ी आंदोलन’ किया। आंदोलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी भी शामिल हुए। इस दौरान बालको प्रबंधन ने आंदोलनकारियों की 13 में से 3 मांगों पर विचार करने का भरोसा दिलाया।

आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारी खटिया लेकर प्लांट गेट के सामने पहुंचे और नारेबाजी करते हुए बेरोजगारों को रोजगार देने सहित विभिन्न लंबित मांगों को पूरा करने की मांग की। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी, लेकिन अपेक्षा के अनुरूप भीड़ नहीं जुट सकी और कई कुर्सियां खाली नजर आईं।

प्रदर्शन की सूचना के मद्देनजर प्लांट गेट के आसपास पुलिस बल और बालको के सुरक्षाकर्मी तैनात रहे। इस दौरान कुछ युवाओं ने खटिया के साथ प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की। आंदोलनकारियों का कहना था कि एक माह पहले ही प्रबंधन को उनकी मांगों से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

कार्यक्रम के दौरान कुछ समय के लिए आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी देखने को मिली। इस मौके पर अमित जोगी ने कहा कि छत्तीसगढ़ उन लोगों का है जिन्होंने इसे बनाया और संवारने में योगदान दिया है। प्रदेश की धरती पर उद्योग स्थापित हैं, इसलिए यहां के स्थानीय लोगों को प्राथमिकता के साथ रोजगार और अवसर मिलना चाहिए।

आंदोलन के बाद बालको प्रबंधन की ओर से 13 में से 3 मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।