कोरबा। नगर निगम ने शिक्षण संस्थानों के आसपास नशामुक्त क्षेत्र बनाने और व्यस्त सड़कों पर आवागमन सुगम करने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज किया है। इसी क्रम में वीआईपी रोड, बुधवारी बाजार, मिनीमाता गल्र्स कॉलेज के आसपास और घंटाघर क्षेत्र से पान-मसाला ठेले, गुमटियां और अन्य अतिक्रमण हटा दिए गए।
नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने पुलिस की मौजूदगी में गुरुवार सुबह सीएसईबी चौक से बुधवारी बाजार, वीआईपी रोड, आईटीआई चौक, कोसाबाड़ी चौक, घंटाघर और महाराणा प्रताप चौक तक अभियान चलाया।
बुधवारी बाजार के दोनों ओर सड़क किनारे लगे ठेले-गुमटियों से आवागमन बाधित हो रहा था, जबकि बाजार में दुकानें आवंटित होने के बावजूद कई व्यापारी सड़क पर सामान सजा रहे थे। निगम ने पहले बाउंड्री वॉल बनवाकर अतिक्रमण रोका था और अब इसे पूरी तरह हटाया।
मिनीमाता गल्र्स कॉलेज के सामने घंटाघर रोड पर 10 से अधिक ठेले-गुमटियां हटाई गईं। एमपी नगर मार्ग पर भी इसी तरह की कार्रवाई हुई। निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय और उपायुक्त पवन वर्मा के निर्देशन में यह अभियान चला, जिसमें कुछ स्थानों पर टकराव की स्थिति बनी लेकिन पुलिस ने इसे नियंत्रित किया।
निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने बताया कि घंटाघर के पास अवैध ठेले-गुमटियां हटाई गई हैं। शिक्षण संस्थानों के आसपास पान ठेले कोटपा एक्ट के तहत हटाए गए।
प्रभावित लोगों की सूची तैयार की गई है और भविष्य में दुकान आवंटन पर उन्हें प्राथमिकता मिलेगी। साथ ही, अतिक्रमण वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और निगरानी बढ़ाने की योजना है।
प्रभावित ठेला-गुमटी संचालकों ने कहा कि अब उनकी जीविका का क्या होगा? निगम ने पहले सचेत किया था, लेकिन कई लोगों ने विरोध जताया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















