कोरबा।छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती के मुद्दे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर निशाना साधते हुए टीपी नगर स्थित भाजपा जिला कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों को रोकने के लिए पुलिस ने तीन स्थानों पर बैरिकेड्स लगाए, जिससे दोनों पक्षों के बीच झूमाझटकी और तनातनी की स्थिति बनी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेसियों ने राज्य सरकार पर सत्ता के संरक्षण में अवैध खेती चलाने का आरोप लगाया। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि समोदा गांव में पिछले चार वर्षों से अफीम की खेती हो रही है, जिसे पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने भी स्वीकार किया है। यह मामला प्रशासनिक चूक को उजागर करता है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने सवाल उठाया कि इस नशे के अवैध कारोबार में किस मंत्री और अधिकारी का संरक्षण है? ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी को बचाने के लिए नौकरों को आगे किया जा रहा है, जबकि भाजपा नेता ग्रामीणों को डराकर यह खेती करवा रहे हैं।
प्रदर्शन में पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी, प्रदेश सचिव विकास सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, पूर्व अध्यक्ष नत्थु लाल यादव सहित कई नेता उपस्थित थे। पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर स्थिति को नियंत्रित किया, लेकिन कांग्रेसियों की नारेबाजी से माहौल तनावपूर्ण रहा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















