कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के सख्त निर्देशों के तहत जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग और कालाबाजारी पर तेज अभियान चल रहा है। इसी क्रम में राजस्व विभाग और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने कोरबा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 38, बालकों रोड, चेक पोस्ट स्थित पवन जनरल स्टोर्स और उसके गोदामों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम को प्रतिष्ठान में घरेलू उपयोग के लिए जारी 15 एलपीजी सिलेंडर अवैध रूप से भंडारित मिले। जांच में पाया गया कि यहां एक सिलेंडर से दूसरे में रिफिलिंग कर ब्लैक मार्केट में अधिक कीमत पर बेचा जा रहा था। सभी 15 सिलेंडर तत्काल जप्त कर लिए गए।
जिला खाद्य अधिकारी घनश्याम कंवर ने बताया कि घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग स्पष्ट रूप से कानूनन दंडनीय है। कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को लगातार निगरानी रखने और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने एलपीजी वितरण एजेंसियों के साथ समन्वय बढ़ाने और अवैध भंडारण पर पूर्ण नियंत्रण के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग न करें। यदि कहीं ऐसी गतिविधि दिखे तो तुरंत जिला प्रशासन, राजस्व या खाद्य विभाग को सूचित करें। हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















