कोरबा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संघर्ष और उससे जुड़ी अफवाहों के बीच रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की संभावित कमी को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गैस वितरक एजेंसियों की बैठक लेकर स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी तरह की अफवाह या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने बैठक में कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से रसोई गैस व ईंधन की कमी को लेकर भ्रामक और अपुष्ट जानकारी प्रसारित की जा रही है, जिससे लोगों में अनावश्यक चिंता फैल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त भंडारण मौजूद है और गैस की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने गैस एजेंसियों को पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को सिलेंडर की डिलीवरी बुकिंग तिथि के अनुक्रम और फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व के आधार पर ही दी जाए। साथ ही घरेलू एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी ओटीपी ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ही की जाएगी और बिना ओटीपी के किसी भी स्थिति में सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा 25 दिनों से पहले दोबारा सिलेंडर जारी नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर ने चेतावनी दी कि एलपीजी सिलेंडर का अवैध भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग या अधिक कीमत पर बिक्री जैसी गतिविधियों की शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी गैस एजेंसियों को प्रतिदिन अपने स्टॉक की जानकारी खाद्य शाखा को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि स्कूल, आश्रम, छात्रावास और अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। घरेलू एलपीजी सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग या दुरुपयोग की शिकायत मिलने पर संबंधित संस्थान और गैस वितरक दोनों की जांच की जाएगी।
बैठक में अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, जिला खाद्य अधिकारी जी.एस. कंवर सहित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत गैस एजेंसी के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी जानकारी की पुष्टि केवल अधिकृत शासकीय स्रोतों से ही करें। साथ ही अनावश्यक रूप से ईंधन या गैस का संग्रहण न करने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में केवल सही और प्रमाणित जानकारी ही साझा करने का आग्रह किया गया
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















