ग्रीन एनर्जी की ओर बढ़ा कोरबा: शहर के दो स्थानों पर ई-चार्जिंग स्टेशन का ट्रायल सफल, जल्द होगा शुरू

कोरबा । ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोरबा शहर में दो स्थानों पर स्थापित ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन का सफल ट्रायल पूरा कर लिया गया है। नगर पालिक निगम द्वारा किए गए दो दिन के ट्रायल के दौरान करीब 20 इलेक्ट्रॉनिक वाहनों को सफलतापूर्वक चार्ज किया गया।

ट्रायल सफल रहने के बाद अब जल्द ही इन चार्जिंग स्टेशनों को आम लोगों के लिए शुरू किया जाएगा।

केंद्र सरकार की नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) योजना के तहत इन ईवी चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना की गई है। लगभग चार महीने पहले मशीनों का इंस्टॉलेशन किया गया था, जिसके बाद अब टेस्टिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

शहर के घंटाघर स्थित स्मृति उद्यान के पास और सुनालिया चौक से आगे मल्टीलेवल पार्किंग में अत्याधुनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाए गए हैं। प्रत्येक स्टेशन पर एक समय में पांच वाहनों को चार्ज करने की सुविधा होगी। यहां ई-बस, कार, जीप, ई-ऑटो, ई-बाइक और स्कूटी सहित विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक वाहनों को चार्ज किया जा सकेगा।

निगम अधिकारियों के अनुसार इन चार्जिंग स्टेशनों में फास्ट चार्जिंग तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे वाहन लगभग 30 मिनट में फुल चार्ज हो सकेंगे। सामान्य चार्जर से जहां ई-बाइक या स्कूटी को चार्ज होने में 5 से 6 घंटे लगते हैं, वहीं इन स्टेशनों पर यह प्रक्रिया काफी कम समय में पूरी हो जाएगी।


ऐप के जरिए होगी प्री-बुकिंग
निगम द्वारा चार्जिंग स्टेशन के लिए मोबाइल ऐप भी जारी किया जाएगा, जिसके माध्यम से वाहन मालिक पहले से स्लॉट बुक कर सकेंगे। अधिक भीड़ होने की स्थिति में ऐप के जरिए टाइमिंग स्लॉट अलॉट किया जाएगा और उसी समय वाहन को चार्ज करने की सुविधा मिलेगी।

निगम ने यहां 15 रुपये प्रति किलोवाट की रियायती दर पर 24 घंटे चार्जिंग सुविधा देने की योजना बनाई है।

अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा मिलेगा और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।