शराब में मिलावट: ग्लोबल सर्विसेज कंपनी के 6 कर्मियों पर गिरी गाज, सुपरवाइजर समेत कई निकाले गए

कोरबा। होली के त्योहार से ठीक पहले जिले में शराब में मिलावट का एक मामला सामने आया है, जिसके बाद आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए 6 कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। यह पूरी कार्रवाई आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन के हालिया निर्देशों के बाद की गई है।

क्या है पूरा मामला?
रामपुर स्थित कंपोजिट शराब दुकान में तैनात कर्मचारियों पर उपभोक्ताओं को शराब में मिलावट कर बेचने का गंभीर आरोप लगा था। सूचना मिलने पर आबकारी विभाग ने जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। जांच के बाद विभाग ने तत्काल प्रभाव से इन कर्मचारियों को दुकान से हटाने के निर्देश दिए।

किन पर हुई कार्रवाई?
बर्खास्त किए गए कर्मचारियों में दुकान का सुपरवाइजर विकास साहू भी शामिल है। इसके अलावा सूरज, लोकनाथ, सुजल और दो अन्य कर्मचारियों को भी हटाया गया है। ये सभी ‘ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड’ नामक निजी कंपनी के कर्मचारी हैं, जो पूरे जिले की शराब दुकानों में कर्मियों की तैनाती करती है।

कंपनी पर पहले भी लग चुके हैं आरोप
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब यह कंपनी विवादों में घिरी है। इससे पहले भी शराब दुकानों में नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेने के आरोप कंपनी पर लग चुके हैं। नए मामले ने कंपनी की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मंत्री जी के सख्त निर्देश
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन के सख्त रुख का परिणाम है। कुछ दिनों पहले हुई एक समीक्षा बैठक में मंत्री जी ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि यदि कोई भी अधिकारी, कर्मचारी या निजी कंपनी शराब की बिक्री में अनियमितता या लापरवाही बरतती है, तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। उनके इन्हीं निर्देशों के बाद विभाग ने यह कार्रवाई सुनिश्चित की है।