कोरबा। होली एवं रमज़ान ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने जिलेभर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर सहित समस्त राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में जिला मुख्यालय तथा सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च किया।
जिला मुख्यालय में फ्लैग मार्च थाना कोतवाली से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए कोसाबाड़ी क्षेत्र तक निकाला गया। इसमें लगभग 200 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। मार्च के माध्यम से आम नागरिकों में सुरक्षा का संदेश दिया गया और असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी गई।
इसी प्रकार कटघोरा, दर्री, करतला, पाली, बांगो और दीपका थाना क्षेत्रों में भी पुलिस बल ने गली-मोहल्लों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल व वाहन मार्च किया। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से नागरिकों से होली और रमज़ान ईद शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री तिवारी ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्वक पर्व मनाने वालों के साथ पुलिस मित्रवत व्यवहार करेगी, जबकि हुड़दंग करने वाले, जबरन रंग लगाने वाले, नशे की हालत में वाहन चलाने वाले और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















