मॉडिफाइड साइलेंसर का शौक पड़ा महंगा

होली से पहले ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई, कई वाहन जब्त

कोरबा। होली पर्व से पूर्व यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई और कई प्रकरण दर्ज किए गए।

होलिका दहन की पूर्व संध्या पर टीपी नगर, पीएच रोड और निहारिका क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया।

अभियान का संचालन सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी की देखरेख में किया गया। यातायात पुलिस के असिस्टेंट इंस्पेक्टर आर.एन. रात्रे, सब इंस्पेक्टर मनोज राठौर सहित टीम के अन्य सदस्य शहर के प्रमुख मार्गों पर निगरानी रखते रहे।

होली की खरीदारी के कारण सड़कों पर यातायात का दबाव अधिक था। इस दौरान बुलेट और स्पोर्ट्स बाइकों में लगे मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज के कारण अन्य वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने ऐसे कई वाहनों को मौके पर रोका, जबकि कुछ चालकों को पीछा कर पकड़ा गया।

पकड़े गए चालकों ने कार्रवाई से बचने के लिए विभिन्न तर्क दिए, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। कई मामलों में वाहनों को जब्त कर यातायात थाना भिजवाया गया।


पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि होली पर्व के दौरान शहर में शांति और सुव्यवस्थित यातायात बना रहे।