संकुल स्तरीय कब-बुलबुल उत्सव में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

बासीन स्कूल में रोचक गतिविधियों से गूंजा परिसर, 67 छात्रों ने लिया भाग

कोरबा। विकासखण्ड कोरबा के संकुल फुलसरी अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला, बासीन में एक दिवसीय संकुल स्तरीय कब-बुलबुल उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के तत्वावधान में 67 कब एवं बुलबुल (विद्यार्थियों) ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

उत्सव का संयोजन संकुल प्राचार्य अनिमा प्रसाद एवं कब मास्टर नोहर प्रसाद चन्द्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने विशाल गर्जना, जंगल बुल से जुड़ी गतिविधियां, बुलबुल फेरा गीत, विभिन्न खेल एवं अन्य मनोरंजक कार्यक्रमों में भाग लिया।

आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का विकास करना तथा खेल-खेल में शिक्षा के माध्यम से उनके बौद्धिक एवं शारीरिक विकास को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत शाला प्रबंधन समिति, बासीन के अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि अजीज मोहम्मद के मुख्य आतिथ्य में हुई। जिला संगठन आयुक्त डीगम्बर सिंह कौशिक एवं उत्तरा मानिकपुरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

शिविर संचालक के रूप में फ्लॉक लीडर नमिता कड़वे ने जिम्मेदारी निभाई, जबकि सहायक शिविर संचालक के रूप में कब मास्टर नोहर प्रसाद चन्द्रा, श्रीकांत भारिया एवं फ्लॉक लीडर आसमा कुरैशी ने सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम में सीएसी खेमचंद राजवाड़े, प्रधानपाठक नरेश्वर राठिया सहित संकुल के अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

उत्सव के सफल आयोजन से छात्रों में उत्साह और अनुशासन की भावना देखने को मिली।