कोरबा। नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा कोरबा जिले की जीवनदायिनी हसदेव नदी के संरक्षण, संवर्धन और प्रदूषण मुक्ति के लिए निरंतर चलाए जा रहे प्रयासों के क्रम में प्रत्येक माह की पूर्णिमा को आयोजित होने वाली हसदेव आरती का विशेष महत्व है। इसी कड़ी में आगामी फाल्गुन पूर्णिमा के पावन अवसर पर सोमवार, 2 मार्च 2026 को सायं 5 बजे माँ सर्वमंगला मंदिर घाट, कोरबा पर भव्य हसदेव आरती का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में समिति के संरक्षक श्रेष्ठ सिंह ठाकुर उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट यजमान के रूप में रविन्द्र कुमार पाराशर (उपाध्यक्ष), शैलेश पाण्डेय (उपाध्यक्ष), कीर्ति कुमार अग्रवाल (संयुक्त सचिव) और विजय कुमार राठौर (संयुक्त सचिव) शामिल होंगे।
समिति ने समस्त श्रद्धालुजनों, मातृशक्ति, युवाओं और कोरबा नगरवासियों से अपील की है कि वे सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में इस पावन आयोजन में शामिल हों।
हसदेव नदी की आराधना के इस अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कर पुण्य लाभ प्राप्त करें तथा नदी के संरक्षण, स्वच्छता और तटों के सौंदर्यीकरण के संकल्प को और मजबूत बनाएं।
नमामि हसदेव सेवा समिति के इस अभियान का उद्देश्य हसदेव नदी, उसकी सहायक नदियों और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखना, उनके संरक्षण के लिए जन-जागरूकता फैलाना और पर्यावरण संरक्षण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
समिति का मानना है कि सामूहिक भागीदारी से ही हम अपनी जीवनदायिनी हसदेव के प्रति सच्ची कृतज्ञता व्यक्त कर सकते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुंदर जल स्रोत सुरक्षित कर सकते हैं।
आइए, हम सभी मिलकर इस पवित्र अभियान का हिस्सा बनें और हसदेव आरती में शामिल होकर माँ हसदेव का आशीर्वाद प्राप्त करें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















