दीवार गिरने से मासूम की मौत पर मंत्री देवांगन ने जताया गहरा दुख

लक्ष्मणबन बस्ती पहुंचकर शोकाकुल परिवार को बंधाया ढांढस, जांच के दिए निर्देश

कोरबा। संजय नगर वार्ड स्थित लक्ष्मणबन बस्ती में बाउंड्रीवॉल गिरने से हुई मासूम की मौत पर नगर विधायक एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। वे रविवार देर शाम घटनास्थल पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मिले और अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

दो दिन पूर्व बस्ती में बाउंड्रीवॉल ढहने से 4 वर्षीय धनेश कर्ष (पिता मुकेश कर्ष) मलबे में दब गया था, जिससे उसकी दर्दनाक मृत्यु हो गई। वहीं सोनू कर्ष (20 वर्ष) और विशाल यादव (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

मंत्री श्री देवांगन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों एवं स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

उन्होंने प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर घटना की सूक्ष्म जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, भोलू यादव, पार्षद नरेंद्र देवांगन, मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा तथा राकेश नागरमल अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।