कोतवाली में शांति समिति की बैठक संपन्न

पार्षदों ने पेट्रोलिंग और अतिरिक्त पुलिस बल की उठाई मांग

कोरबा। होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा कोतवाली में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न वार्डों के पार्षद, मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक में होली को लेकर रायशुमारी की गई। पार्षद टामेश अग्रवाल ने वार्ड क्रमांक 5 एवं 6 में अतिरिक्त पुलिस बल की मांग रखी, वहीं पार्षद रवि सिंह चंदेल ने अपने वार्ड में पेट्रोलिंग बढ़ाने का प्रस्ताव दिया। इस पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने उपलब्ध बल के अनुसार यथासंभव पेट्रोलिंग बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल लगाने का आश्वासन दिया।

बैठक प्रभारी कोतवाल महासिंह धुर्वे, एसआई टंकेश्वर यादव एवं एएसआई चक्रधर सिंह राठौर की उपस्थिति में संपन्न हुई। श्री धुर्वे ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि होली शांतिपूर्वक मनाएं, मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं, छोटे बच्चों को वाहन न दें और किसी को जबरदस्ती गुलाल न लगाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति में पेट्रोलिंग प्रभारी से सीधे संपर्क किया जा सकता है।

बैठक के दौरान पार्षद धनश्री साहू ने अपने समर्थकों के साथ प्रभारी टीआई महासिंह धुर्वे एवं एसआई टंकेश्वर यादव को गुलाब फूल भेंट कर होली की शुभकामनाएं दीं।

बैठक में पार्षद रवि सिंह चंदेल, टामेश अग्रवाल, धनश्री साहू, पार्षद पति भोलू यादव सहित वरिष्ठ पत्रकार मोहम्मद रफीक मेमन, गुलाम मोहम्मद, मो. अकरम, परविंदर सिंह, ईश्वर पटेल, दुर्गेश शर्मा, पवन कुमार और लक्ष्य चतुर्वेदी सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।