होली से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई,अवैध महुआ शराब के साथ 10 आरोपियों पर केस,117.7 लीटर मादक पदार्थ जब्त             

कोरबा। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अवैध मादक द्रव्य पदार्थ के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

“सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में सघन दबिश और जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से कच्ची महुआ निर्मित मादक द्रव्य पदार्थ का भंडारण एवं बिक्री करते पाए गए 10 कथित आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत 10 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने कुल 117.7 लीटर कच्ची महुआ निर्मित अवैध मादक द्रव्य पदार्थ जब्त किया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान अवैध शराब बेचकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग की जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक द्रव्य पदार्थ के निर्माण, बिक्री या परिवहन संबंधी कोई भी जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।