रंग-गुलाल डालने पर सख्त कार्रवाई: प्रशासन ने होली, ईद और गुड फ्राइडे शांति एवं सौहार्दपूर्वक मनाने अपील

कोरबा। कोरबा जिले में होली, ईद-उल-फितर और गुड फ्राइडे जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी समुदायों से आपसी मेल-मिलाप, भाईचारे और सद्भाव बनाए रखने की अपील की गई।

प्रशासन ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि किसी भी व्यक्ति को जबरदस्ती रंग या गुलाल डालने, हुल्लड़बाजी करने या किसी प्रकार की दबंगई दिखाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल ने कहा कि होली पर्व आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देने वाला त्योहार है, इसलिए सभी नागरिकों को सहमति और सम्मान का ध्यान रखना चाहिए। एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे ने सभी धर्मों के पर्वों का सम्मान करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

होलिका दहन को लेकर भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि होलिका दहन केवल खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही किया जाए।

इलेक्ट्रिक तारों के नीचे, ट्रांसफार्मर के पास, तंग गलियों या अन्य जोखिमपूर्ण जगहों पर होलिका दहन न करने की सख्त हिदायत दी गई, ताकि आग लगने या अन्य दुर्घटना की स्थिति में फायर ब्रिगेड और आपातकालीन सेवाओं की पहुंच आसान रहे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने होली के दौरान होने वाले संभावित अपराधों पर कड़ी कार्रवाई का ऐलान किया।

उन्होंने कहा कि शराब पीकर उपद्रव करने, हुल्लड़बाजी, जबरदस्ती रंग लगाने, मुखौटा पहनकर गुंडागर्दी, ओवरस्पीडिंग और ट्रिपल राइडिंग करने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्यवाही होगी। गुंडे-बदमाशों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ट्रक मालिकों से भी अपील की गई कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित पार्किंग में रखें ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

रमजान माह और गुड फ्राइडे को ध्यान में रखते हुए मस्जिदों और चर्चों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। बैठक में हर्बल (प्राकृतिक) रंगों के उपयोग पर जोर दिया गया और रासायनिक रंगों से बचने की सलाह दी गई।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, एसडीएम सरोज महिलांगे, विभिन्न विभागों के अधिकारी, धार्मिक समुदायों के प्रतिनिधि जैसे नानजी भाई पटेल,पास्टर आर. के. मसीह,जामा मस्जिद के शब्बीर अहमद,हाजी अखलाक खान, प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल, सीएमएचओ डॉ. एन. एन. केशरी सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

प्रशासन ने आश्वासन दिया कि त्योहारों के दौरान सभी आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस, दमकल और अन्य सेवाएं पूरी तरह सतर्क रहेंगी। नागरिकों से अपील की गई कि वे त्योहारों को खुशी और सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी अप्रिय घटना से बचें।