भाजपा का संभागीय प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न,सरकार की नीति- कार्यक्रमों के प्रचार हेतु वक्ताओं को मिला विशेष प्रशिक्षण

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन की वैचारिक मजबूती और बूथ सशक्तिकरण के उद्देश्य से पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026 के अंतर्गत संभागीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सरकार की योजनाओं, नीतियों एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के लिए वक्ताओं को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण महाभियान संगठन की रीढ़ को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही सुशासन की गारंटी देता है।

प्रथम सत्र में प्रदेश प्रशिक्षण विभाग के संयोजक डॉ. अवधेश जैन ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विचारधारा, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यपद्धति पर विस्तार से प्रकाश डाला।

द्वितीय सत्र में छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, छत्तीसगढ़ खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने संगठन विस्तार, डिजिटल संवाद और सोशल मीडिया की भूमिका पर मार्गदर्शन दिया।

वक्ताओं ने कहा कि भाजपा का सांस्कृतिक राष्ट्रवाद संकीर्ण या विभाजक नहीं, बल्कि भारत की साझा विरासत और गौरव का उत्सव है। प्रशिक्षण में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में आवश्यक सावधानियां बरतने और प्रभावी प्रस्तुतीकरण की तकनीकों पर विशेष जोर दिया गया।

जिज्ञासा समाधान एवं समापन सत्र में छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कार्यकर्ताओं के प्रश्नों का समाधान करते हुए कहा कि बूथ सशक्त होगा तो संगठन स्वतः सशक्त होगा।

कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा ने किया।

इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत सहित बिलासपुर संभाग के भाजपा विधायक, जिलाध्यक्ष, महामंत्री एवं वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।