एनसीडीसी विद्यालय में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता,विद्यार्थियों ने दिखाया वैज्ञानिक कौशल

कोरबा। एनसीडीसी विद्यालय में ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ के अंतर्गत राष्ट्रीय विज्ञान दिवस कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग के मार्गदर्शन में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विज्ञान आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय ने विज्ञान दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि विज्ञान हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है और देश के विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने तथा नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने जिज्ञासा और प्रयोगधर्मिता को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित विज्ञान प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों की तार्किक क्षमता, सामान्य ज्ञान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास हुआ। शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों में विशेष उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी इस तरह की शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक गतिविधियों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला समन्वयक फरहाना अली,संदीप पांडे, प्राचार्य अलका फिलिप्स, जिला शैक्षिक समन्वयक कामता जायसवाल, शुभी यादव, संजीत राय एवं विजय प्रताप सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।