अब भिलाई नहीं जाना पड़ेगा, कोरबा समेत 12 जिलों के उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
कोरबा। बिजली उपभोक्ताओं को मीटर संबंधी समस्याओं और गलत बिलिंग से राहत देने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने बिलासपुर में अत्याधुनिक मीटर टेस्टिंग लैब (सीटीएल) की शुरुआत कर दी है। अब मीटर जांच के लिए भिलाई की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी, जिससे समय की बचत के साथ पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
पॉवर कंपनी द्वारा तिफरा स्थित कार्यालय परिसर में स्थापित इस लैब का विधिवत शुभारंभ किया गया। अब तक क्षेत्र में मीटर खराबी या गलत बिलिंग की शिकायत मिलने पर जांच के लिए मीटर को राज्य की एकमात्र टेस्टिंग लैब भिलाई भेजा जाता था, जिससे प्रक्रिया में अत्यधिक समय लगता था और उपभोक्ताओं में असंतोष की स्थिति बनती थी।
नई लैब के शुरू होने से बिलासपुर रीजन के मुंगेली, कोरबा, जीपीएम और बिलासपुर जिले के साथ रायगढ़ रीजन के जांजगीर,रायगढ़,सक्ती तथा अंबिकापुर रीजन के सरगुजा, कोरिया,सूरजपुर,बलरामपुर-रामानुजगंज,मनेन्द्रगढ़- चिरमिरी-भरतपुर और जशपुर जिले के उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। उपभोक्ता स्वयं उपस्थित होकर अपने मीटर की जांच करा सकेंगे।
बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अंबस्ट ने बताया कि लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित इस सेंट्रल टेस्टिंग लैब में पुराने व नए स्मार्ट मीटर की जांच की जाएगी। साथ ही ऑटोमेटिक टेम्पर मशीन के माध्यम से 84 प्रकार की टेम्परिंग की जांच संभव होगी।
शुभारंभ अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता डी.के. भोजक,अधीक्षण अभियंता सुरेश जांगड़े सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
लैब के प्रारंभ होने से उपभोक्ताओं को सही रीडिंग, सटीक बिलिंग और कम समय में पारदर्शी सेवा का लाभ मिलने की उम्मीद है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















