कोरबा-कटघोरा बायपास पर कोयला ट्रेलर पलटा:चालक-हेल्पर घायल, कोयले की लूट मची,यातायात घंटों ठप

कोरबा। जिले में देर रात करीब 10 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोरबा–कटघोरा–बिलासपुर बायपास मार्ग पर कोयला से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात घंटों प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार घटना कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हुंकरा के आश्रित ग्राम मुड़ाभांटा बायपास मार्ग पर हुई। ट्रेलर भैयाथान (सूरजपुर) से रायगढ़ की ओर कोयला लेकर जा रहा था। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर पलट गया।

हादसे में चालक और सहचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्राम मुड़ाभांटा के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।

ट्रेलर से गिरे कोयले को उठाने के लिए लोगों में होड़ मच गई और काफी मात्रा में कोयला ले जाया गया। इधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने यातायात बहाल कराने के लिए कड़ी मशक्कत की। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रेलर को हटवाकर बायपास मार्ग को धीरे-धीरे सुचारू कराया।